NEET (UG) 2026 री-एग्जाम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार
छत्रपति संभाजीनगर | प्रतिनिधि आज आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 री-एग्जाम को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए छत्रपति संभाजीनगर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। शहर के सभी 47 परीक्षा केंद्रों पर कड़े पुलिस बंदोबस्त की व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि को रोका जा सके। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था में 2 पुलिस उपायुक्त (DCP), 4 सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), 17 पुलिस निरीक्षक, 50 अधिकारी तथा 582 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों की भी नियुक्ति की गई है। परीक्षा प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने के लिए पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित निजी कोचिंग क्लासेस, झेरॉक्स सेंटर तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी गुप्त नजर रखी जाएगी, ताकि प्रश्नपत्र लीक, नकल या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार के गैरप्रकार, धोखाधड़ी या कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा बंदोबस्त 21 जून की सुबह 6 बजे से ही सक्रिय कर दिया गया है। अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से भी प्रशासन ने सहयोग बनाए रखने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण परीक्षा आयोजन को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
2. Police Administration Fully Prepared to Ensure Peaceful Conduct of NEET (UG) 2026 Re-Exam
What's Your Reaction?

